बेसहारा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो करेंगे सड़क जाम

Monday, Nov 25, 2019 - 07:47 PM (IST)

धर्मशाला, (नितिन): बेसहारा पशुओं के द्वारा हमारी फसल को नष्ट कर दिया जा रहा है। पिछले काफी समय से इस समस्या को उठाया जा चुका लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका। कंदरेड पंचायत के लोगों ने डी.सी. कांगड़ा से बेसहारा पशुओं से निजात की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह सड़क जाम कर देंगे। सोमवार को कंदरेड़ पंचायत के एक प्रतिनिधिमंडल ने डी.सी. कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति से मुलाकात की। समंगला देवी, रीना देवी, स्वर्णा, हरबंश सहित अन्य लोगों ने कहा कि बेसहारा पशुओं द्वारा पिछले कई सालों से हमारी फसल का नुक्सान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उन्होंने लगभग 12 पशुओं को पकड़ रखा है। जब तक संभव हुआ उन्होंने उन पशुओं को चारा डाल दिया लेकिन अब उक्त पशुओं को वह चारा नहीं डाल सकते। उन्होंने डी.सी. कांगड़ा से मांग की है कि उक्त पशुओं को नजदीकी गौसदन में भेजा जाए। उधर, डी.सी. कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि बेसहारा पशुओं को डमटाल गौसदन में भेजा जाएगा।

Kuldeep