Himachal: चक्की नदी पर नवनिर्मित पुल में बहाल की गई रेल लाइन खंड का शीघ्र होगा निरीक्षण : अनुराग
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 07:29 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): प्रदेश में रेल सेवाओं के विस्तार, आधारभूत ढांचे का निर्माण व कनैक्टिविटी बढ़ाने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर प्रतिबद्ध हैं। इसी क्रम में अगस्त 2022 में बाढ़ के कारण हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर स्थित चक्की नदी रेलवे पुल बह जाने के कारण रेलवे आवागमन प्रभावित होने पर अनुराग सिंह ठाकुर ने लगातार इसके पुनर्निर्माण की मजबूत मांग को केंद्र के समक्ष उठाया, जिसके चलते चक्की नदी पर रेलवे पुल के पुनर्निर्माण का कार्य 4 वर्ष पहले शुरू हुआ। अनुराग ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष स्नेह के कारण हिमाचल प्रदेश में रेल सेवाओं के विस्तार को पिछले 12 वर्षों में नई गति मिली है। नए प्रोजैक्टों की मंजूरी से लेकर पुराने प्रोजैक्टों की फंडिंग बढ़ाने में मोदी सरकार का विशेष योगदान रहा है। हिमाचल प्रदेश में रेल कनैक्टिविटी पर अगस्त 2022 में बाढ़ के कारण हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर स्थित चक्की नदी रेलवे पुल बह जाने पर बड़ी रुकावट का सामना करना पड़ रहा था।
इस पुल के पुनर्निर्माण की मजबूत मांग को उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष उठाया। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुल के निर्माण का कार्य रेल मंत्रालय द्वारा शुरू करवाया गया। उन्होंने बताया कि पठानकोट और जोगिंद्रनगर के बीच नैरोगेज ट्रेन सेवा को जोड़ने वाले इस पुल का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है और रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा जारी संचार के अनुसार दिनेश चंद देशवाल, रेलवे सुरक्षा आयुक्त 24 व 25 फरवरी को चक्की नदी पर नवनिर्मित पुल तथा बहाल की गई रेल लाइन खंड का वैधानिक निरीक्षण करेंगे। यह निरीक्षण अंतिम वैधानिक चरण पर है, जिसके पश्चात ट्रेन सेवाओं के पुनः आरंभ होने की उम्मीद है। कांगड़ा क्षेत्र के लिए लंबे समय से लंबित और अत्यंत संवेदनशील मुद्दा है, जिसके शुरू होने से हिमाचल में रेल कनैक्टिविटी को बल मिलेगा।

