धर्मशाला उपचुनाव : राठौर ने तैनात किए सैक्टर प्रभारी, विप्लव ठाकुर को प्रचार की कमान

Thursday, Oct 03, 2019 - 10:33 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ): धर्मशाला उपचुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह फील्ड में उतर गई है। उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए वीरवार को धर्मशाला पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पार्टी की समन्वय समिति की बैठक में आला नेताओं के साथ प्रचार की रणनीति पर मंथन किया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, चंद्र कुमार, ठाकुर सिंह भरमौरी सहित पार्टी के वर्तमान व पूर्व विधायक मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर पार्टी के पूरे प्रचार अभियान की कमान संभालेंगी। राठौर ने प्रचार को गति देने के लिए विस हलके में सैक्टर प्रभारी भी तैनात किए हैं। पार्टी ने प्रचार में अपने सभी पूर्व मंत्रियों, वर्तमान विधायकों और पूर्व विधायकों सहित संगठन के आला नेताओं को उतार दिया है। इसके अलावा मीडिया कमेटी भी बनाई गई है।

धर्मशाला में 2 साल से विकास कार्य ठप्प

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में बीते 2 साल से धर्मशाला में तमाम विकास कार्य ठप्प हो गए हैं। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुए कार्य भी भाजपा सरकार पूरे नहीं करवा सकी है। पूर्व कांग्रेस सरकार ने धर्मशाला को दूसरी राजधानी का दर्जा दिया था लेकिन जयराम सरकार इसे लेकर आज तक चुप बैठी है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तमाम प्रोजैक्ट अधूरे पड़े हैं। सरकार कांगड़ा जिला से भेदभाव कर रही है जिसका प्रमाण फतेहपुर से आई.पी.एच. के मुख्य अभियंता के कार्यालय को मंडी शिफ्ट करना है।

Vijay