अपने विधायकों और कार्यकर्त्ताओं पर नहीं भाजपा को विश्वास : भवानी

Monday, Apr 15, 2024 - 09:41 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): हिमाचल में भाजपा द्वारा दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है कि सरकार गिरने वाली है। भाजपा पहले गणित को समझे, फिर लोगों को बताए। झूठ बोलकर सरकारें नहीं बनतीं। यह बात राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष व पी.सी.सी. के महासचिव भवानी सिंह पठानिया ने सोमवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने विधायकों व कार्यकर्त्ताओं पर विश्वास नहीं रहा है। भवानी ने कहा कि सत्ता के लालच के लिए भाजपा अपनी विचारधारा से अलग हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा जारी चुनावी घोषणा पत्र जनता की समझ से परे है। घोषणा पत्र में जनता के मुद्दों, बेरोजगारी, किसानों, श्रमिकों व महिलाओं के बारे में कुछ नहीं कहा है।

6 बागी विधायकों पर लगाए पठानिया ने आरोप
पठानिया ने कहा कि राज्यसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी के खिलाफ वोट डालने से पहले क्यों नहीं नोमिनेशन के समय बागियों ने विरोध किया। नोमिनेशन के बाद अनुमोदन के दौरान भी कोई विरोध नहीं किया। सब विधायकों के हस्ताक्षर हुए थे। यदि बागी यह बहाना लगा रहे हैं कि कांग्रेस के प्रत्याशी बाहर के थे तो उन्होंने क्रॉस वोट किया क्यों। मंत्री बनने की लालसा के चलते बागियों ने सरकार का विरोध किया है।

Content Writer

Kuldeep