5 सालों में दिया नहीं रोजगार, अब 8 लाख नौकरियों का दे रहे झांसा : सुप्रिया

Sunday, Nov 06, 2022 - 09:52 PM (IST)

धर्मशाला (सचिन): भाजपा सरकार अपने 5 साल के कार्यकाल के रिपोर्ट के दम पर चुनाव नहीं लड़ रही है। भाजपा तो इस बार रिपोर्ट कार्ड की बजाय प्रत्याशी व पार्टी सिंबल पर मतदान करने के लिए लोगों को कह रही है। यह बात कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने धर्मशाला में प्रैस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अपने वायदों को पूरा किया है और हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सभी वायदों को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाने के बाद सबसे पहले पुरानी पैंशन को बहाल किया जाएगा। इसके बाद 2024 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद अग्निवीर योजना को निष्कासित किया जाएगा।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि प्रदेश में होने वाले चुनावों से पहले हार को देखते हुए मोदी बागियों को मनाने के लिए फोन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले 5 सालों में कितनी नौकरियां दी हैं, जो इस बार अपने घोषणा पत्र में 8 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में 63000 सरकारी कर्मचारियों के पद खाली चल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों के लिए एक अपील पत्र भी जारी किया, जिसमें उन्होंने पूर्व सैनिकों को इस ओर सोचने को कहा। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस पहले अपना मुख्यमंत्री तय नहीं करेगी। चुनावों का रिजल्ट आने के बाद ही विधायक बैठक सी.एम. का चयन करेगी, जैसे की अन्य राज्यों में होता है।

Content Writer

Kuldeep