धर्मशाला में युवा कांग्रेस ने निकाली प्रदेश सरकार की शव यात्रा

punjabkesari.in Monday, Sep 27, 2021 - 07:19 PM (IST)

धर्मशाला (कर्मपाल): प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी व विभिन्न विभागों में बाहरी राज्यों के लोगों की भर्तियां होने पर युवा कांग्रेस भड़क उठी है। सोमवार को युवा कांगे्रस ने धर्मशाला में प्रदेश सरकार की शव यात्रा निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस ने कोतवाली बाजार के फव्वारा चौक से लेकर गांधी वाटिका तक शव यात्रा निकाली और नारेबाजी कर विरोध जताया। इस मौके पर प्रदेश युकां के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 14 लाख पंजीकृत बेरोजगार हैं और इनकी संख्या में इजाफा हो रहा है, लेकिन जयराम सरकार बाहरी राज्यों के युवाओं पर मेहरबान है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं से अन्याय युवा कांग्रेस सहन नहीं करेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार को युवा विरोधी कहते हुए पूछा कि सरकार बताए कि हिमाचल में निकल रही भर्तियों में हिमाचलियों को रोजगार क्यों नहीं दिया जा रहा है। क्या हिमाचली युवा मात्र आऊटसोर्स या पकौड़े तलने के काबिल हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस पहले भी बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरी देने का विरोध जता चुकी है लेकिन बावजूद इसके सरकार युवा विरोधी निर्णय ले रही है। इस मौके पर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज कुमार पंकु, विजय, इंद्र कर्ण, मनोज मेहता, गोल्डी चौधरी, अक्षित मैणी व जितेंद्र धीमान आदि युकां कार्यकर्ता मौजूद थे।

नहीं जलाने दिया पुतला, पुलिस के खिलाफ लगे नारे
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार का पुतला जलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पुतले को छीन लिया। इस पर युकां कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के साथ-साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारे लगाए। इसके उपरांत युवा कांग्रेस ने कागज एकत्रित करके आग लगा दी, लेकिन पुलिस ने पुतला नहीं जलाने दिया।

10 दिन में कंडक्टर भर्ती का परिणाम नहीं निकला तो करेंगे उग्र प्रदर्शन : पंकु
कांगड़ा जिला युकां अध्यक्ष पंकज कुमार पंकु ने कहा कि पीछे हुई कंडक्टर भर्ती की सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है लेकिन सरकार रिजल्ट को लटका रही है। यदि सरकार ने 10 दिन में कंडक्टर भर्ती का परिणाम नहीं निकाला तो युकां प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी और सी.एम. आवास सहित विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News