कांग्रेस के समय में अमीरी चमकती व गरीबी सिसकती रही : शांता

Friday, Apr 12, 2019 - 07:06 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने आज देश के विकास की दिशा को बदला है। कांग्रेस के समय में अमीरी चमकती रही तथा गरीबी सिसकती रही। यह उद्गार शुक्रवार को धर्मशाला के नजदीक जोरावर स्टेडियम में महिला मोर्चा सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए शांता कुमार ने कहा कि पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह के समय में देश पूरी दुनिया में घोटालों के कारण बदनाम हो गया। भारत के प्रधान मंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी आए घोटाले बंद हुए और देश का खजाना बढ़ गया।

विकास में एक बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है

 शांता कुमार ने कहा कि मोदी के आने के बाद देश के विकास में एक बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है। देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को 5 वर्ष दिए तथा 2 वर्ष प्रधानमंत्री मोदी को कांग्रेस की गंदगी साफ करने में लग गए तथा दोबारा प्रधान मंत्री बनने के बाद भारत पूरी तरह से बदल जाएगा। शांता ने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव 2014 के चुनावों से भी महत्वपूर्ण है। भाजपा ने हमेशा ईमानदारी की राजनीति की है तथा इन चुनावों में कांग्रेस का पूरी तरह से दिवालिया निकल चुका है।

महिलाएं शिक्षित होंगी तो पूरा परिवार शिक्षित होगा

उन्होंने कहा कि जो काम मैंने 1977 में शुरू किया था उसको पूरी मेहनत के साथ जयराम ठाकुर व किशन कपूर मिलकर निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं सशक्त होंगी तो परिवार सशक्त होंगे। महिलाएं शिक्षित होंगी तो पूरा परिवार शिक्षित होगा। महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ेगी तो राजनीति में शुचिता आएगी। इस मूलमंत्र को लेकर हर घर में पानी पहुंचाने का काम किया। लोगों ने मुझे पानी वाला मुख्यमंत्री कह दिया। जिसका परिणाम यह हुआ कि महिलाओं को पानी लाने के लिए जो समय नष्ट होता था वो बच्चों की पढ़ाई परिवार के विकास में लगने लगा।


किशन कपूर को विजयी बनाओ मैं नाचुंगा और गीत भी गाऊंगा

हिमाचल में साक्षरता बढऩे के पीछे, हमें हर घर में पानी पहुंचाना एक महत्वपूर्ण कड़ी थी। अब जयराम और किशन कपूर ने मिलकर गृहिणी सुविधा के माध्यम से चूल्हे से निजात दिलाई है जिसके कारण महिलाएं समाज में अपना योगदान दे सकती हैं। महिला सम्मेलन में जुटी भीड़ यह दिखा रही है कि कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र की तरह धर्मशाला में महिलाओं व उनके परिवारों ने किशन कपूर को अभूतपूर्व लीड से विजयी बनाने का मन बना लिया है। धर्मशाला इस बार अपने सांसद का चुनाव कर पूरे कांगड़ा-चम्बा को नई दिशा देगा। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं से वायदा किया कि किशन कपूर को 2 लाख की लीड से विजयी बनाओ मैं नाचुंगा भी और गीत भी गाऊंगा।

Kuldeep