हिमाचल का बढ़ा मान, दुबई में ज्वेल ऑफ इंडिया अवार्ड से नवाजे कर्नल धनीराम शांडिल

Sunday, Oct 06, 2019 - 04:29 PM (IST)

सोलन: हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के सदर विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल को शनिवार को दुबई में ज्वेल ऑफ इंडिया अवार्ड से सम्मानित किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय फ्रैंडशिप सोसायटी के इस कार्यक्रम में दुबई के नामी शेख तथा मिनिस्टर फॉर स्टेट सुहैल अल जुरानी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। भारत के विभिन्न राज्यों से आए करीब 30 लोगों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार के चयन को अंतर्राष्ट्रीय संस्था ने स्वतंत्र रूप से सर्वे करवाया था। सर्वे के बाद उन लोगों का चयन किया गया, जिनका राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में बहुमूल्य योगदान रहा हो, साथ ही जिन्होंने सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो।

एक विधायक, पूर्व सांसद और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में प्रदर्शन करते समय समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निभाई गई भूमिका के लिए यह सम्मान सोलन के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल को दिया गया है। इस सम्मान को पाने वालों में मदर टैरेसा का प्रथम नाम आता है, जिन्हें सबसे पहले इस पुरस्कार से नवाजा गया था। उत्तर भारत से केवल सोलन के विधायक को इस पुरस्कार से नवाजा गया है। कर्नल धनीराम शांडिल ने बताया कि ऐसे आयोजन समाजसेवा के लिए तत्पर रहने की प्रेरणा देते हैं और समाज को भी जागरूक करते हैं।

Vijay