बाजार में आने-जाने को लोग जान जोखिम में डाल रेलिंग पार कर रहे

Monday, Nov 04, 2019 - 10:55 AM (IST)

कुल्लू/मौहल (ब्यूरो): कुल्लू दशहरा उत्सव में सजे अस्थायी बाजार में आने-जाने के लिए लोग जान जोखिम में डालकर रेलिंग को पार कर रहे हैं। रेलिंग को पार करते समय कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ढालपुर मैदान के लगभग सभी गेट बंद किए जाने से लोगों को इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रेलिंग के दोनों ओर किसी ने 2 बड़े-बड़े टेबल रख दिए हैं। लोग इन टेबलों पर चढ़कर नुकीली रेलिंग को पार कर रहे हैं। खरीददारी के बाद सामान आदि भी रेलिंग के ऊपर से ही आर-पार करने को लोग विवश हैं। अस्थायी मार्कीट में खरीददारी करने के लिए प्रतिदिन लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग ढालपुर मैदान पहुंचे। व्यापार मंडल तर्क दे रहा रहा है कि इन कारोबारियों को यहां से हटाया जाए। दूसरी ओर आम लोग कह रहे हैं कि जब लोगों को अस्थायी बाजार में सस्ता सामान मिल रहा है तो किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। दूसरे प्रांतों से दशहरा उत्सव में आए व्यापारी घाटे का हवाला दे रहे हैं। दशहरा मैदान पर ठेकेदारों ने कुंडली मारी थी। व्यापारियों को ठेकेदारों ने जगह सबलैट की है। व्यापारी तर्क दे रहे हैं उन्हें जगह काफी महंगी मिली है, इससे घाटा पड़ गया। चारपाई के बराबर की जगह के लिए व्यापारियों से 30 से 40,000 रुपए तक वसूले गए। कारोबारी अहमद सैय्यद, गुलाबशाह व कीर्तन भल्ला ने कहा कि आज उनका मैदान में अंतिम दिन है।

यहां रकम पूरी करने बैठे हैं लेकिन रोज के खर्च बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार अच्छा हुआ लेकिन महंगे प्लाट के कारण खर्चे पूरे नहीं हुए। आज दिनभर पूरे बाजार में व्यापारी अपने व्यापार का घाटा-फायदा जोड़ते दिखे। ज्यादातर लोगों ने घाटे की ही बात कही। बर्तन बाजार में भी बर्तन बिखरे रहे लेकिन फिर भी बर्तन बाजार में कम दुकानों के कारण व्यापारी फायदे में ही रहे। कपड़ों का व्यापार भी इस साल बेहतरीन रहा और लोगों ने कपड़ों की खूब खरीददारी की। कुल्लू, लाहौल, पांगी व मंडी के लोगों ने गर्म कपड़ों की जमकर खरीददारी की। कुल्लू व्यापार मंडल ने कहा कि अब ज्यादा देर दशहरा मैदान में बाहरी व्यापारियों को नहीं रखा जाना चाहिए। इससे स्थायी दुकानदारों को घाटा हो रहा है।

kirti