सोलन थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंचे DGP, अधिकारियों में मचा हड़कंप

Tuesday, Sep 11, 2018 - 04:57 PM (IST)

सोलन (चिनमय): मंगलवार को थाना सदर सोलन में उस समय हड़कंप मच गया जब थाने में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को पता चला कि कुछ ही समय में पुलिस प्रमुख सीताराम मरड़ी थाने का औचक निरीक्षण करेंगे। डी.जी.पी. हिमाचल के थाने पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं डी.जी.पी. ने थाने के प्रत्येक कमरे, मालखाने सहित अन्य सभी जगहों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस अवसर पर थाना अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

काम के हिसाब थानों में बढ़ाई-घटाई जाएगी अधिकारियों की संख्या
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह आने वाले समय में भी इसी तरह अन्य थानों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण से सारा स्टाफ चुस्त-दुरुस्त रहता है। उन्होंने कहा की पुलिस कर्मियों की समस्याओं को भी सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आमतौर पर देश में एक अधिकारी के पास जांच के लिए 25 केस होते हैं इसी तर्ज पर प्रदेश में जांच अधिकारियों के पास कितना कार्य है उसी हिसाब से अधिकारियों की संख्या थानों में बढ़ाई या घटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य कानून की अनुपालना करना और लागू करना है।

नशे को लेकर पुलिस ने छेड़ा बहुत बड़ा अभियान
उन्होंने कहा कि पुलिस ने नशे को लेकर एक बहुत बड़ा अभियान छेड़ा हुआ है, जिसके तहत पूरे प्रदेश में तकरीबन सवा 3 क्विंटल चरस वह 6 किलोग्राम चिट्टा पकड़ा है। उन्होंने  कहा कि नशे के कारोबार में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के नशा कारोबारियों को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिट्टा दिल्ली और जम्मू से लाया जा रहा है। उन्होंने कहा पुलिस नशे के काले कारोबार रोकने के लिए दृढ़ संकल्प है और वह किसी भी हाल में प्रदेश में नशे को फैलने नहीं देंगे।

नशे के कारोबार को रोकने को 2 तरह से हो रहा कार्य
उन्होंने कहा कि नशे के काले कारोबार को काबू करने के लिए 2 तरह से कार्य किया जा रहा है, जिसमें सबसे पहले तो प्रदेश में किसी भी तरह के नशे की सप्लाई पर रोक लगाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ नशे के दुषप्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे पर रोक लगाने के लिए मशहूर हस्तियों का भी सहयोग लिया जा रहा है।

Vijay