प्रथम नवरात्रे पर मां नयना के दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब (Watch Video)

Sunday, Mar 18, 2018 - 06:43 PM (IST)

नयनादेवी: हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ नयनादेवी में चैत्र नवरात्रे बड़ी धूमधाम से शुरू हुए। सुबह की आरती और झंडा चढ़ाने की रस्म के साथ नवरात्र मेला शुरू हो गया। इस दौरान नयनादेवी में भी प्रथम नवरात्र पर जनसैलाब उमड़ा। नवरात्र पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी हो गया। रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजा मंदिर का दृश्य श्रद्धालुओं के दिलों में प्राकृतिक सौंदर्य की अपार छटा बिखेरता रहा। दूर-दूर तक मंदिर का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं को नजर आता रहा। श्रद्धालुओं ने माता शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की व हवन-यज्ञ किया और अपने घर परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।

मां के दर्शनों के लिए विदेश से पहुंचे श्रद्धालु
पंजाब हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यू.पी., बिहार, उत्तराखंड सहित देश के अन्य भागों और विदेश से भी काफी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में दर्शनों के लिए पहुंचे। प्रथम नवरात्र पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां नयनादेवी के दर्शन किए। हालांकि सुबह ठंडी हवाओं के चलते मौसम काफी ठंडा था लेकिन बावजूद इसके श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब इस धार्मिक स्थल पर बढ़ता रहा। प्रथम नवरात्र के उपलक्ष्य पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नयनादेवी के पूर्व विधायक रणधीर शर्मा भी मां नयनादेवी जी के दर्शनों को पहुंचे हुए थे। 

350 के करीब जवान सभाल रहे सुरक्षा
बता दें कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और मंदिर न्यास द्वारा पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। 350 के करीब होमगार्ड, पुलिस के जवान और एक्स सर्विसमैन फौजी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था कायम करने के लिए लगाए गए हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु छोटे-छोटे गु्रपों में और लाइनों में ही श्रद्धालुओं को मंदिर भेजा जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और वह आराम से मां के दर्शन करके नवरात्र पूजन करके अपने घरों को वापस जाएं।

Punjab Kesari