गोबिंद सागर झील में प्रतिबंध के बावजूद डुबकियां लगा रहे श्रद्धालु

Wednesday, Aug 14, 2019 - 12:12 PM (IST)

बंगाणा (शर्मा): गोबिंद सागर झील का जलस्तर बढ़ने से पुलिस ने थाना क्षेत्र के अधीन झील को जाने वाले रास्तों के घाटों पर अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। झील के रास्ते जहां पर मोटर बोट में प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में लोग सफर करते हैं, वहीं पंजाब व बाहरी स्थानों से आने वाले श्रद्धालु अनजाने में झील में प्रतिबंध के बावजूद डुबकियां लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। धार्मिक स्थलों पर आए बाइक सवार कम दूरी के चलते झील के रास्ते पर आते-जाते हैं लेकिन झील के पानी को देखकर नहाने उतर जाते हैं।

उल्लेखनीय है कि यहां क्षेत्र में घाटों पर झील को देखने प्रतिदिन काफी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है जिनमें से कई जान जोखिम में डालकर सैल्फियां भी लेने से नहीं डरते हैं। ऐसे में पुलिस व प्रशासन को झील के घाटों पर निगरानी बढ़ानी चाहिए ताकि क्षेत्र में कोई अप्रिय घटना न हो सके।

लोगों को झील से दूर रहने को सचेत करें पंचायत प्रतिनिधि

एस.एच.ओ. कमलनैन शर्मा के मुताबिक थाना क्षेत्र के अधीन पुलिस ने झील के घाटों पर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों व लोगों से बाहरी लोगों को झील से दूर रहने बारे सचेत करने का आह्वान किया है।

Ekta