मोदी के खाते में विकास की उपलब्धियां, कांग्रेस के खाते में केवल घोटाले : अनुराग

Tuesday, Mar 26, 2019 - 07:00 PM (IST)

ऊना (विशाल): देश और देश की गरीब जनता को कांग्रेस ने जी भरकर लूटा है और गरीबी हटाओ का नारा देने वाली कांग्रेस गरीबी हटाने की बजाय गरीबों को ही हटाने में लगी रही। यह बात मैहतपुर-बसदेहड़ा में भाजयुमो के युवा सम्मेलन के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां पूर्व में देश को बेचने में लगी हुई थी वहीं केंद्र में सत्ता की बागडोर संभालने के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 5 पैसे का भी घोटाला नहीं हुआ है जबकि कांग्रेस के काल में हर दिन करोड़ों-अरबों रुपए के घोटाले सामने आते थे। कांग्रेस के नेता संसद में कम जेलों और अदालतों में घोटालों के केसों का सामना करते अधिक दिखते थे। मोदी राज में देश सुरक्षित हाथों में है और देश का रुपया लुटने नहीं दिया जा रहा है।

होमवर्क करना भूल गए राहुल और उनके राजनीतिक सलाहकार

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकलुभावन चुनावी वायदे करने में जुटे हैं लेकिन राहुल और उनके राजनीतिक सलाहकार होमवर्क करना भूल गए हैं। सालाना 72 हजार रुपए देने की बात कहने वाले राहुल यह नहीं जानते कि मोदी सरकार इससे कहीं अधिक देश की जनता पर खर्च रही है। 72 हजार रुपए के हिसाब से साढ़े 3 लाख करोड़ सालाना बनता है जबकि मोदी सरकार साढ़े 7 लाख करोड़ रुपए हर साल जनता पर खर्च रही है।

कांग्रेस के किसी प्रधानमंत्री ने देश के गरीबों के बारे में नहीं सोचा

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई भी प्रधानमंत्री रहा हो किसी ने भी देश के गरीबों के बारे में कुछ नहीं सोचा जबकि मोदी सरकार ने 2 करोड़ पक्के मकान दिए, शौचालय बनवाए, किसानों के खातों में सीधे तौर पर रकम डाली, महंगाई काबू की, 55 करोड़ लोगों के लिए 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त दिया है। कई उपलब्धियां हैं जोकि मोदी सरकार के खाते में है लेकिन कांग्रेस के खाते में केवल घोटाले ही घोटाले हैं।

Vijay