विधानसभा उपाध्यक्ष बोले-मिंजर में खर्च हुई पाई-पाई का लिया जाएगा हिसाब

Sunday, Aug 12, 2018 - 09:55 PM (IST)

चम्बा: मिंजर मेला में मेला आयोजन समिति द्वारा कितना पैसा किन माध्यमों से जुटाया गया और किस-किस पर कितना पैसा खर्च किया गया। इस पूरे मामले का प्रशासन से हिसाब मांगा जाएगा। यह बात प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने रविवार को जिला मुख्यालय में भाजयुमो की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि उनके पास कई शिकायतें मिंजर मेला आयोजन को लेकर आई हैं। लोगों की भावनाओं को देखते हुए व इससे सरकार की छवि पर कोई असर न पड़े, इन सब बातों को मद्देनजर रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जनता को जानकारी हासिल करने का पूरा हक
उन्होंने कहा कि चूंकि मिंजर मेला का आयोजन लोगों के खून-पसीने की कमाई से किया जाता है इसलिए इसके बारे में पूरी जानकारी हासिल करने का जनता को पूरा हक है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की भावनाओं का आदर व सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला में जो भी अधिकारी या कर्मचारी मनमानी करेगा उसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं के साथ खड़े सरकार व संगठन
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष लोकसभा के चुनाव हैं, ऐसे में पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता जनता के बीच एक बार फिर से पार्टी के लिए वोट मांगने के लिए जाएगा लेकिन जब उनके कहने पर कार्य नहीं होंगे तो वे किस मुंह से लोगों के बीच जाएंगे, ऐसे में भाजपा ने पहले ही साफ कर रखा है कि पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता की बात को किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरे उत्साह के साथ लोगों के बीच जाएं क्योंकि सरकार व संगठन उनके साथ खड़े हैं। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, जिला भाजयुमो अध्यक्ष विनायक रैणा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

Vijay