हिमाचल में बख्शे नहीं जाएंगे नशे के कारोबारी : मुकेश अग्निहोत्री

Friday, Dec 29, 2023 - 09:58 PM (IST)

कालाअम्ब (प्रताप): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नशामुक्त हिमाचल के लिए नशे के कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार भावी पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कड़े कदम उठा रही है। वह शुक्रवार को हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफैशनल इंस्टीच्यूशन्स कालाअम्ब में  प्रथम हिमाचल प्रदेश बालिका बटालियन एनसीसी सोलन द्वारा एनसीसी कैडेट्स के 10 दिवसीय कैंप के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अनुशासन का मानव जीवन में बहुत महत्व है। अनुशासन के बिना व्यक्ति लक्ष्य हासिल नहीं कर सकता। एनसीसी विद्यार्थी में अनुशासन और राष्ट्र भक्ति की भावना पैदा करती है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया। 

आपदा प्रभावित परिवारों को राहत राशि प्रदान कर रही सरकार
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आपदा के दौरान प्रदेश में 12 हजार करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। सरकार आपदा प्रभावित परिवारों को राहत राशि प्रदान कर रही है। सरकार बेसहारों का सहारा है। सुखआश्रय योजना के माध्यम से 4 हजार बच्चों को हर महीने 4 हजार रुपए प्रति बच्चे के हिसाब से दिए जा रहे हैं। प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों को ओपीएस बहाल कर दी गई है। कार्यक्रम में नाहन के विधायक अजय सोलंकी, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता एवं सचिव रूपेंद्र ठाकुर, डीसी सिरमौर सुमित खिमटा, एसपी रमन कुमार मीणा, सीएमओ डाॅ. अजय पाठक, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति राजीव महाजन, हिमालयन ग्रुप अध्यक्ष रजनीश बंसल और उपाध्यक्ष विकास बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।

एनसीसी पाठ्यक्रम में भी शामिल होनी चाहिए : शांडिल
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डाॅ. धनी राम शांडिल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में 2 घटक एकता और अनुशासन महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। एनसीसी. पाठ्यक्रम में भी शामिल होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को देश की आजादी कैसी मिली है, का बोध हो सके। प्रशिक्षित युवा पीढ़ी की आपदा के दौरान जनसेवा में सेवाएं ली जा सकती हैं। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया। इस मौके पर कैडेट्स ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay