परेशान व्यक्तित्व हैं जयराम, खुद 5 वर्ष नहीं कर पाए कोई काम : मुकेश अग्निहोत्री

Friday, Dec 15, 2023 - 05:14 PM (IST)

हमीरपुर (पुनीत): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर परेशान व्यक्तित्व हैं। 5 वर्ष तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे लेकिन प्रदेश में निवेश बढ़ाने की दिशा में विशेष कोई काम नहीं कर पाए। अब प्रदेश सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दुबई दौरे पर गए हैं तथा प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के हिसाब से निवेश आएगा और प्रदेश आगे बढ़ेगा। जयराम ठाकुर को यही सलाह है कि अभी धैर्य बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सरकार ने पांव घर से बाहर निकाला नहीं कि भाजपा बयानबाजी करने लगती है। 

हिमाचल भाजपा में तो पैसा रुकवाने वाले लोग हैं
हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 24वीं स्पोर्ट्स एंड ड्यूटी मीट-2023 के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि हमीरपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 633 करोड़ रुपए की आपदा राहत बजट राशि जारी करने में भाजपा के किसी भी नेता ने कोई मदद नहीं की है। हालांकि अब भाजपा नेताओं में श्रेय लेने की होड़ जरूर लगी हुई है। कांग्रेस सरकार ने केंद्र व जनता के दरबार में अपना पक्ष रखा था। 12000 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ था लेकिन केंद्र से राहत पैकेज मिलना तो दूर की बात रही, क्लेम तक नहीं मिला। हिमाचल भाजपा में तो पैसा रुकवाने वाले लोग हैं। विकास कार्यों में अड़ंगा लगवाने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जीएसटी शेयर देने में देरी व कर्ज सीमा कम करने सहित जल शक्ति विभाग में ही 2500 करोड़ रुपए के प्रोजैक्ट अधर में लटके पड़े हैं। प्रदेश हितों को लेकर हिमाचल भाजपा के नेताओं की भूमिका नकारात्मक रही है। उन्होंने कहा कि राहत पैकेज में हिमाचल भाजपा नेताओं का कोई योगदान नहीं है क्योंकि विधानसभा में जब केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज के लिए बिल की मांग की जा रही थी, तब भाजपा ने समर्थन न देते हुए अपनी जुबान पर ताले लगा लिए थे।

पुरानी पद्धति से चुनाव करवाने का किया समर्थन
3 राज्यों में उपमुख्यमंत्री बनाने और हिमाचल भाजपा द्वारा कोर्ट में उपमुख्यमंत्री पद को लेकर किए गए केस के सवाल पर मुकेश अग्निहोत्री ने कोई भी टिप्पणी नहीं की और कहा कि इस मुद्दे पर कोर्ट में सुनवाई होनी है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के लोकसभा चुनावों को पुरानी पद्धति पर करवाने का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा को अगर खुद पर विश्वास है तो चुनाव को करवाने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay