डिप्टी सीएम ने साधा निशाना, बोले-भाजपा का सरकार गिराने का सपना कभी नहीं होगा पूरा

Wednesday, May 10, 2023 - 09:09 PM (IST)

सलूणी/डल्हौजी (शक्ति/शमशेर): भाजपा के नेता सरकार को गिराने के मुंगेरी लाल के जो हसीन सपने देख रहे हैं, वे कभी पूरे नहीं होने वाले हैं। पहले भाजपा को विधानसभा चुनावों में धूल चटाई और अब नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने 34 में से 24 सीटें जीत कर भाजपा को चारों खाने चित्त किया है। यह बात उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सलूणी में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि 10 गारंटियां हमारा राजधर्म है, जिसको आगामी 5 वर्षों के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को हमने पुरानी पैंशन योजना देने की बात कही थी, जिसे प्रदेश की पहली ही कैबिनेट बैठक में पूर्ण किया गया। हमने 136000 कर्मचारियों को उनकी पुरानी पुरानी पैंशन का अधिकार दे दिया है और चरणबद्ध तरीके से अन्य गारंटियों को भी पूरा किया जाएगा। 

काम करने की इच्छा से आए हैं, राजनीति करने नहीं 
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम आगामी 5 वर्षों के भीतर जिले के 50 दौरे करेंगे, ताकि जिले के लोगों को सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के तहत लगभग पौने 400 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। सिर्फ जिला चम्बा में जल शक्ति विभाग ने 1000 करोड़ रुपए की स्कीमें संचालित हैं और उन कार्यों में विलंब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि काम करने की इच्छा से आए हैं, राजनीति करने नहीं आएं हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकाल में 75000 करोड़ रुपए का कर्जा लेकर सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर अपनी रैलियों पर राशि खर्च की है। उन्होंने कहा कि पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी कद्दावर नेता हैं, उनकी हर बात को अहम स्थान दिया जाएगा।  

लगातार हार से बौखला गए हैं भाजपा नेता 
वहीं डल्हौजी में पत्रकार वार्ता करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की लगातार हार से भाजपा नेता बौखला गए हैं और फालतू की बयानबाजी करने में जुटे हैं। प्रदेश की जनता उन्हें पूरी तरह नकार चुकी है। प्रदेश में कांग्रेस की एक स्थायी सरकार स्थापित हुई है और यह सरकार अपना कार्यकाल पूरा कर प्रदेश की जनता के लिए विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। इससे पहले डल्हौजी पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री का पूर्व मंत्री आशा कुमारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। डल्हौजी प्रैस क्लब के सदस्यों ने उपमुख्यमंत्री को शॉल, टोपी और चम्बा रुमाल भेंट कर उनका सम्मान किया। पूर्व मंत्री आशा कुमारी को भी चम्बा थाल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने डल्हौजी-पठानकोट के मध्य एक डीलक्स बस चलाने की घोषणा की। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay