डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने साधा निशाना, बाेले-भर्ती घोटालों की जननी है भाजपा

Friday, Dec 30, 2022 - 09:57 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष धैर्य रखे और एनर्जी को ऐसे ही व्यर्थ न गंवाए, इसकी आगे जरूरत पड़ेगी। अभी सरकार बने हुए 15 दिन ही हुए हैं। 5 साल का बहुत लम्बा सफर है और विपक्ष अभी से परेशान है। ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अभी तो मुख्यमंत्री, मंत्रियों व विधायकों ने अपने आवास भी नहीं छोड़े हैं और अभी से हमलावर होने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्पष्ट, स्थिर व टिकाऊ सरकार है जो पूरे 5 वर्ष ठोक बजाकर चलेगी इसलिए सद्भावना बनाकर रखें। नई सरकार अपनी प्राथमिकताएं तय कर रही है। मुकेश ने कहा कि पूरे देश के नामी घरानों की गाड़ियां यहां रजिस्टर्ड कर दी गई हैं। ये करोड़ों की गाड़ियां हैं। बड़े-बड़े शहरों में ऐसी हिमाचल नम्बर की गाड़ियां मिल जाएंगी। यह एक स्कैम है। इसका पूरी तरह से भंडाफोड़ किया जाएगा। जब इन गाड़ियों की रजिस्ट्रेशन पर पूरे हिंदुस्तान में पाबंदी लगी थी तो ये गाड़ियां कैसे रजिस्टर्ड हुईं। इसके इंक्वायरी ऑर्डर कर दिए हैं। जो भी एक्शन होगा वह कानून के तहत लिया जाएगा। 

पेपर लीक करने के लिए इतिहास में जानी जाएगी जयराम सरकार 
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र होने जा रहा है। इसमें विधायकों की शपथ होगी व उसके बाद स्पीकर का चुनाव होगा तथा राज्यपाल का अभिभाषण होगा। यह छोटा सत्र है और एजैंडा लगभग तय है। मंत्रिमंडल विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। उन्होंने कहा कि वह शुरू से कह रहे थे कि भाजपा भर्ती घोटालों की जननी है। प्रदेश के नौजवानों से धोखा किया गया। पेपर बेचे गए, पेपर लीक किए गए व दरें निर्धारित थीं। लोगों का व्यवस्था से विश्वास उठ गया कि किस तरह बेइमानी से नौकरियां बेची गईं। इसी आधार पर अब नतीजे सामने आ रहे हैं। पेपर लीक करने के लिए जयराम सरकार इतिहास में जानी जाएगी। बोर्ड में 3 मैंबर लगा दिए गए। क्या 3 मैंबर लगाना नैतिकता है। जो लोग सदस्य लगे हैं उन्हें पता होना चाहिए कि सरकार नई बनी है और उन्हें अपने पद छोड़ देने चाहिए।

900 संस्थान खोल दिए और बजट की कोई बात नहीं की
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व जयराम सरकार ने 900 संस्थान खोल दिए और बजट की कोई बात नहीं की। जयराम जहां भी गए वहां घोषणाएं करते गए। अमृत महोत्सव के नाम पर जो रैलियां हुईं वह एक-एक करोड़ की हुई हैं। रैलियों में भीड़ लाना सरकारी तंत्र का काम नहीं है। यह क्या व्यवस्था बना दी गई थी कि पटवारी व सैक्रेटरी भीड़ लेकर आएंगे और तहसीलदार व कानूनगो उन्हें रोटियां खिलाएंगे व उन्हें ग्राऊंड तक ले जाएंगे। इन रैलियों पर लगे पैसे का एचआरटीसी पाई-पाई वसूल करेगा। 

प्रदेश के मंदिरों में सुधार किया जाएगा
मुकेश ने कहा कि प्रदेश के मंदिरों में सुधार किया जाएगा। इसके लिए कदम उठाए जाएंगे। देव दर्शन के लिए लोगों को माहौल दिया जाएगा। प्रदेश के मंदिर लोगों की आस्था का केन्द्र हैं। हरिद्वार, वृंदावन या अन्य धार्मिक स्थलों के लिए बसें किस तरीके से चलाई जाएंगी, इस पर प्लान बनाया जा रहा है। 

नई इलैक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी
मुकेश ने कहा कि एचआरटीसी घाटे में है। केवल 6 प्रतिशत रूट मुनाफे में चल रहे हैं जबकि 94 प्रतिशत रूट घाटे में चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 2 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा है। 1000 के आसपास बसें जीरो वैल्यू की हैं जिन्हें सड़कों से हटाया जाएगा व नई इलैक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। अगले बजट में इलैक्ट्रिक बसों का प्रावधान किया जाएगा। प्राइवेट ट्रांसपोर्ट के साथ तालमेल बनाया जाएगा। बाहरी राज्यों से वोल्वो माफिया चल रहा है। 

आरटीओ कार्यालयों में लगेंगे कैमरे 
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आरटीओ कार्यालयों में कैमरे लगाए जाएंगे। भ्रष्टाचार किसी भी तौर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस मामले में पुलिस के साथ भी डिस्कशन चल रही है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay