इन 4 जिलों में अवैध खनन रोकने के लिए तीसरी आंख का सहारा लेगा विभाग

Wednesday, Aug 29, 2018 - 10:31 PM (IST)

नूरपुर: प्रदेश में अंधाधुंध हो रहे अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए उद्योग विभाग अपनी नजर पैनी करने जा रहा है। प्रदेश के बॉर्डर क्षेत्रों के 4 जिलों में अवैध खनन की रफ्तार को रोकने के लिए विभाग एक ट्रायल के तहत तीसरी आंख का सहारा लेगा। इसके लिए विभाग द्वारा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार उद्योग विभाग ने अवैध खनन पर शिकंजा कसने के लिए एक पाइलट प्रोजैक्ट तैयार किया है, जिसके तहत जिला सिरमौर, ऊना, कांगड़ा व सोलन में ट्रायल बेस पर बॉर्डर क्षेत्रों में अवैध खनन साइट पर सी.सी.टी.वी. की स्थापना की जाएगी। यदि उक्त ट्रायल कामयाब रहा तथा अवैध खनन से निपटने के बेहतर परिणाम मिले तो प्रदेश के सभी क्षेत्रों की खनन साइट पर सी.सी.टी.वी. की स्थापना हो सकती है।

दिन के उजाले में 100 मीटर तक रहेगी नजर
विभाग द्वारा ट्रायल बेस पर जो सी.सी.टी.वी. लगाए जा रहे हैं इनसे दिन के उजाले में 100 मीटर तक अवैध खनन पर नजर रखी जाएगी जबकि रात के अंधेरे में भी 20 मीटर तक अवैध खनन इनसे बच नहीं सकेगा। विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला सिरमौर के बॉर्डर क्षेत्र पौंटा साहिब में ट्रायल बेस पर सी.सी.टी.वी. की स्थापना कर दी गई है। सिरमौर के बाद जिला कांगड़ा के नूरपुर तथा इंदौरा के कुछ क्षेत्रों में विशेषज्ञों की टीम ने खनन अधिकारी के साथ सी.सी.टी.वी. की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जयसिंहपुर में भी स्थापति होंगे सी.सी.टी.वी.
जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर क्षेत्र में भी सी.सी.टी.वी. की स्थापना की जाएगी। इसी के साथ-साथ ऊना जिला के हरोली तथा आसपास के क्षेत्रों, सोलन जिला के बद्दी तथा नालागढ़ क्षेत्रों में सी.सी.टी.वी. की स्थापना के लिए जिला के खनन अधिकारियों को निर्देश मिल चुके हैं। जानकारी अनुसार फिलहाल विभाग सी.सी.टी.वी. की स्थापना ट्रायल बेस पर जिलों के बॉर्डर क्षेत्रों के उन अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में करवा रहा है जहां अवैध खनन की सबसे अधिक शिकायतें या मामले सामने आए हैं।

...तो सभी खनन साइट पर स्थापित होंगे सी.सी.टी.वी.
इस संदर्भ में प्रदेश भू-वैज्ञानिक पुनीत गुलेरिया ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 4 जिलों के बॉर्डर क्षेत्रों के कुछ स्थानों में अवैध खनन पर शिकंजा कसने के लिए ट्रायल बेस पर सी.सी.टी.वी. की स्थापना करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रायल बेस पर 4 जिलों के कुछ क्षेत्र खनन विभाग द्वारा चयनित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में सी.सी.टी.वी. की स्थापना के बाद यदि बेहतर परिणाम निकलेंगे तो उसके बाद सभी खनन साइट पर सी.सी.टी.वी. की स्थापना की जाएगी।

Vijay