मांगों को पूरा करवाने को DC कार्यालय का किया घेराव

Tuesday, Jul 23, 2019 - 11:22 AM (IST)

चम्बा (विनोद): चम्बा व्हीकल एड कर्मचारी यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को डी.सी. कार्यालय परिसर का घेराव किया। इस मौके पर यूनियन ने नारेबाजी की तो साथ ही कंपनी के खिलाफ भी रोष प्रकट किया। इससे पूर्व यूनियन ने जिला मुख्यालय में रैली निकाली जोकि डी.सी. कार्यालय में जाकर संपन्न हुई। बाद में डी.सी. से मुलाकात कर यूनियन ने एक बार फिर से उनसे उनकी मांगों को लेकर प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। इस पर डी.सी. चम्बा ने जल्द कंपनी के ई.डी. को बुलाकर उसके साथ वार्तालाप करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद यूनियन ने अपने धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को विराम दे दिया।

इस बारे जानकारी देते हुए यूनियन के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि कुछ दिन पहले भी इस बारे में डी.सी. चम्बा से मुलाकात कर अपना मांग पत्र सौंपा था जिस पर डी.सी. चम्बा ने प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक कंपनी ने प्रशासन के आदेशों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई है। इसी के चलते यूनियन को कड़ा रुख अपनाना पड़ा जिस वजह से उन्होंने आज डी.सी. कार्यालय परिसर का घेराव कर अपना रोष प्रकट किया। मुकेश कुमार ने बताया कि यूनियन सिर्फ यह मांग कर रही है कि उन्हें श्रम कानूनों के तहत लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि हैरान करने वाली बात है कि कंपनी श्रम कानूनों को अपनी मर्जी के अनुसार अंजाम दे रही है।

यही वजह है कि वर्कर्ज को अपने शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। मुकेश ने कहा कि कंपनी प्रबंधन बड़े पैमाने पर मजदूरों का शोषण कर रहा है जिसके खिलाफ यूनियन लड़ाई लड़ रही है। यूनियन ने यह निर्णय लिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी ने अपना अडिय़ल रवैया अपनाए रखा तो अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए यूनियन किसी भी हद तक जाने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि डी.सी. चम्बा के आश्वासन के बाद यूनियन ने मंगलवार के अपने प्रस्तावित प्रदर्शन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। 

Ekta