दिल्ली की नेहा के सिर सजा New Year Queen का ताज, DJ की धुन पर जमकर थिरके पर्यटक

Tuesday, Jan 01, 2019 - 05:11 PM (IST)

मनाली: मनाली में पर्यटन निगम द्वारा क्लब हाऊस में आयोजित नववर्ष संध्या में दिल्ली की मिसेज नेहा को न्यू ईयर क्वीन 2019 चुना गया है। पर्यटन निगम ने नेहा को ताज पहनाकर सम्मानित किया और नेहा के हाथों केक कटवाया। पर्यटन निगम ने नेहा को परिवार संग अपने होटल में 2 दिन नि:शुल्क ठहरने का भी न्यौता दिया।

दुल्हन की तरह सजाया गया था क्लब हाऊस

पर्यटन निगम के क्लब हाऊस को दुल्हन की तरह सजाया गया था। सैलानियों का स्वागत कुल्लवी वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ टोपी व मफलर पहनाकर किया गया। रात साढ़े 12 बजे प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में दर्जनों सैलानियों ने भाग लेकर माहौल को रंगीन बनाया। यहां सैलानियों के कदम कुल्लवी वाद्य यंत्रों की धुनों पर खूब थिरके। हालांकि नववर्ष संध्या मनाने क्लब हाऊस में देशभर से पर्यटक पहुंचे थे लेकिन सभी प्रतियोगिताओं में दिल्ली वालों का ही कब्जा रहा।

लैमन डांस में दिल्ली के वीर और शीतल ने मारी बाजी

लैमन डांस में दिल्ली के वीर और शीतल ने बाजी मारी। बैलून डांस प्रतियोगिता में दिल्ली के ही मिसेज एंड मिस्टर हुसैन विजयी रहे जबकि बैस्ट डांस कपल का खिताब भी दिल्ली के मिस्टर मनोज और अंशु जैन ने जीता। पर्यटन निगम के डी.जी.एम. अरविंद सेन ने सभी विजेताओं को गिफ्ट देकर सम्मानित किया जबकि न्यू ईयर क्वीन रही नेहा को ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।

वह पहली बार ही मनाली आई हैं नेहा

नेहा ने कहा कि वह पहली बार ही मनाली आई हैं। उन्होंने मनाली सहित यहां के पर्यटन स्थलों की सुंदरता की सराहना की तथा कहा कि पूरा दिन उन्होंने सोलंगनाला में बर्फ  के साथ खेलने में ही बिताया। होटलों में ठहरे सैलानी रातभर वाद्य यंत्रों सहित डी.जे. की धुनों पर थिरकते रहे। 220 से अधिक जवानों ने सैलानियों के न्यू ईयर को यादगार बनाने में अपनी सेवाएं दीं।

Vijay