दिल्ली में बनी नोटबंदी के खिलाफ केंद्र को घेरने की रणनीति

Wednesday, Jan 11, 2017 - 07:59 PM (IST)

शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली स्थित टालकटोरा स्टेडियम में नोटबंदी के खिलाफ केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति बनी। इस अवसर पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी राज्यों के पार्टी अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वह नोटबंदी के खिलाफ जनता के बीच पहुंचें। नोटबंदी से किसान, बागवान एवं गरीब परिवारों को जो दिक्कतें आई हैं, उस संदर्भ में कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को अवगत करवाएं। इसके साथ ही निर्देश दिए गए कि आने वाले दिनों में सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने स्तर पर मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार करे। 

मुख्यमंत्री सहित इन्होंने लिया सम्मेलन में भाग
बुधवार को दिल्ली में आयोजित हुए उक्त सम्मेलन में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी भाग लिया। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, परिवहन मंत्री जी.एस. बाली व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल सहित प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रियों, विधायकों, मुख्य संसदीय सचिवों, पूर्व पार्टी अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, अग्रणी संगठनों के अध्यक्ष, जिला अध्यक्षों सहित अन्यों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की।