कोई भी पौंग बांध विस्थापित नहीं रहेगा भूमिहीन, कानून बदलना पड़ा तो बदल देंगे : मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Saturday, Jul 06, 2024 - 05:49 PM (IST)

देहरा (राजीव/अनिल): कांग्रेस सरकार किसी भी पौंग बांध विस्थापित परिवार को भूमिहीन नहीं रहने देगी। मैं स्वयं इस मामले को देखूंगा और कानून भी बदलना पड़ा तो कानून बदल देंगे, लेकिन विस्थापितों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही। सीएम शनिवार को देहरा विधानसभा क्षेत्र के लुदरेट, नंदपुर भटोली, जलरियां, गुलेर, गठूतर तथा भटोली फकोरियां में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1972 से 20,722 प्रभावित परिवार न्याय की आस में दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ लेकिन अब कांग्रेस सरकार उनकी समस्याओं को सुलझाएगी। उन्होंने कहा कि देहरा अब हमारा हो चुका है और यहां की समस्याओं का समाधान करना मेरा दायित्व है।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक अब जनता के सामने बेनकाब हो चुके हैं और जनता बिके हुए विधायक को सबक सिखाने के लिए तैयार है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस विधायकों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी है। यह देहरा का भाग्य ही होगा कि उनकी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर को कांग्रेस आलाकमान ने एक सर्वे के आधार पर पार्टी का प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा है और अब क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता संभालने के पहले ही दिन से लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है। इस अवसर पर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, डॉ. राजेश शर्मा व जिलाध्यक्ष कर्ण पठानिया सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

होशियार विधायक बनने को नहीं, रिजॉर्ट पूरा करने को मांग रहे वोट
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह केवल 6 साल तक अपने विकास में लगे रहे और देहरा की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। कभी कल्पना भी नहीं की कि देहरा इतना पिछड़ा होगा और लोगों को बिजली, पानी और सड़क की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता होशियार सिंह अपना इस्तीफा मंजूर कराने को धरना देने की बजाय देहरा की समस्याओं के लिए धरना-प्रदर्शन करते। उन्होंने कहा कि होशियार सिंह विधायक बनने के लिए नहीं, बल्कि अपने अधूरे रिजॉर्ट के काम को पूरा करवाने के लिए वोट मांग रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News