क्षितिज नौसेना में सब-लैफ्टिनैंट व लाकेश जम्वाल सेना में बने लैफ्टिनैंट

Saturday, Dec 11, 2021 - 07:40 PM (IST)

देहरा (जोशी): उपमंडल के समीप खबली गांव के क्षितिज राणा ने नौसेना में सब-लैफ्टिनैंट का पद हासिल कर क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय नौसेना अकादमी ऐजीमाला (केरल) में सम्पन्न हुई पासआऊट परेड में उनके पिता सुनील राणा व माता रजनी ठाकुर ने उनके कंधे पर सितारे लगाए। क्षितिज राणा की प्रारम्भिक शिक्षा सूरजपुर (हरियाणा) स्थित डी.ए.वी. स्कूल से हुई है जहां से जमा दो तक शिक्षा प्राप्त करने के उपरान्त भारतीय नौसेना अकादमी ऐजीमाला (केरल) में प्रशिक्षण प्राप्त कर सब-लैफ्टिनैंट बनने की उपलब्धि हासिल की। क्षितिज राणा के पिता सरकारी स्कूल में साइंस के प्राध्यापक हैं जबकि माता रजनी ठाकुर प्ले स्कूल चलाती हैं। क्षितिज राणा ने अपनी सफलता का श्रेय स्व. दादा कशमीर सिंह व दादी कुशला देवी को दिया है। क्षितिज के दादा व दोनों चाचा भी भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं।

वहीं थुरल तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत डूहक धनियारा के लाकेश जम्वाल ने लैफ्टिनैंट बनकर गांव का नाम रोशन किया है। लाकेश जम्वाल साधारण परिवार से संबंध रखते हैं। लाकेश ने दसवीं कक्षा तक की पढ़ाई विद्या प्रकाश पुंज सूरजकुंड से की जिसके बाद तकनीकी शिक्षा केन्द्र अवोटा में शिक्षा ग्रहण की तथा स्नातक की डिग्री गोयल यूनिवर्सिटी शिमला में पूरी की। लाकेश जम्वाल की माता सुमना जम्वाल गृहिणी हैं तथा पिता जगरूप जम्वाल डूहक में ग्राम डाक सेवक के पद पर कार्यरत हैं। लाकेश जम्वाल को शनिवार को इंडियन मिलिटरी एकैडमी देहरादून में पासिंग आऊट परेड में मैडल से नवाजा गया तथा वह इंजीनियर रैजीमैंट में सेवाएं देंगे।

Content Writer

Kuldeep