महिला को ये गलती पड़ी महंगी, जान देकर चुकानी पड़ी कीमत

Sunday, Dec 27, 2020 - 05:58 PM (IST)

घुमारवीं (कुलवंत): घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कपाहड़ा में एक महिला की गलती से जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। मृतका की पहचान संतोष कुमारी (40) पत्नी राजेंद्र कुमार निवासी गांव जोल डाकघर कपाहड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक संतोष कुमारी की बाजू में कुछ दिन पूर्व चोट लगी थी, जिसके चलते उसकी बाजू का ऑप्रेशन किया गया था। बताया जा रहा है कि उक्त महिला कुछ दवाइयों का सेवन करती थी, जिसके चलते उसने गलती से कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसके बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उस समय घर पर उसका बेटा मौजूद था। बेटे ने अपने पिता राजेंद्र कुमार को सूचित किया। राजेंद्र कुमार गांव करलोटी में चाय की एक छोटी-सी दुकान चलाता है। वह तुरंत घर पहुंचा और अपनी पत्नी को लेकर बरठीं अस्पताल चला गया।

प्रारंभिक उपचार के उपरांत महिला को जिला अस्पताल बिलासपुर रैफ र कर दिया गया, जहां पर महिला को मृत घोषित कर दिया गया। ग्राम पंचायत कपाहड़ा की प्रधान माया देवी व उपप्रधान विनय शर्मा भी जिला अस्पताल बिलासपुर में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि यह परिवार बीपीएल श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने परिवार के सदस्यों सहित महिला के मायका पक्ष के लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि यह परिवार मातृ शक्ति बीमा योजना के तहत आता है। इस परिवार को इस योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपए राहत राशि प्रदान की जाएगी।

Vijay