कहासुनी के बाद पत्नी ने जहर खाकर दी जान, पति गिरफ्तार

Sunday, Jun 09, 2019 - 10:13 PM (IST)

ऊना (विशाल): पति के साथ कहासुनी के बाद पत्नी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया और उसके बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 498 व 306 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका की पहचान तृप्ता देवी (26) पत्नी अजायब सिंह निवासी बीनेवाल के तौर पर हुई है। मामले की जांच संतोषगढ़ चौकी इंचार्ज कल्याण सिंह कर रहे हैं।

पति-पत्नी में शराब को लेकर हुई थी कहासुनी

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पति-पत्नी में रविवार को शराब को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके चलते उसकी हालत खराब हो गई और उसे गंभीरावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस संबंध में मृतका के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए अपने दामाद पर शराब के नशे में उनकी बेटी को तंग करने और दहेज के लिए प्रताडि़त करने सहित आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। एस.पी. दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Vijay