ससुराल आए दामाद की संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Wednesday, Dec 13, 2017 - 10:14 PM (IST)

घुमारवीं: पुलिस थाना तलाई के तहत पडऩे वाले गांव पलाखीं (मलोट) में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार प्रेम लाल पुत्र शेरू राम बैहनाजट्टां गांव का रहने वाला था। उसका ससुराल गांव पलाखीं में था। उसकी शादी लगभग 20 वर्ष पूर्व पलाखीं गांव की रीता देवी के साथ हुई थी। इनके 2 लड़के सुनील व पंकज हैं। जानकारी के अनुसार प्रेम लाल व उसकी पत्नी के बीच संबंध अच्छे नहीं थे। 

2 दिन पूर्व ही आया था ससुराल
बताया जा रहा है कि 3 महीने से उसकी पत्नी रीता देवी अपने मायके में ही रह रही थी। 2 दिन पूर्व वह अपने ससुराल आया था। उसका उद्देश्य पत्नी को घर ले जाना था लेकिन बीती रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना ससुराल वालों ने पुलिस थाना तलाई को दी। ससुराल पक्ष का कहना है कि वह लगातार शराब पी रहा था और उसने खाना भी नहीं खाया था। घटना की जानकारी मिलते ही डी.एस.पी. घुमारवीं राजेश कुमार पुलिस दल सहित मलोट गांव पहुंचे व शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस को मृतक की कोहनी व पीठ पर चोट के निशान मिले हैं। इस पर ससुराल पक्ष का कहना था कि प्रेम लाल शराब के नशे में गिर गया था जिसके चलते उसे ये चोटें आई हैं। 

शराब पीने से नहीं हुई मौत
उधर, प्रेम लाल की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए जिनमें उसके दोनों बेटे सुनील व पंकज, भाई देवराज, नंद लाल शास्त्री, जगदीश, राम लाल व प्रेम लाल, चाचा सरवन सिंह व भगत राम तथा बैहनाजट्टां पंचायत के उपप्रधान राजकुमार शामिल थे। परिजनों का आरोप है कि प्रेम लाल की मौत शराब पीने से नहीं हुई है, उसकी हत्या की गई है। परिजनों का आरोप है कि प्रेम लाल की पत्नी उसके साथ ठीक से व्यवहार नहीं करती थी। 

पेंटर का काम करता था प्रेम लाल
उपप्रधान राजकुमार ने बताया कि प्रेम लाल पेंटर का काम करता था। वह कभी भी अत्यधिक शराब का सेवन नहीं करता था। उसकी पत्नी परिवार के साथ नहीं रहती थी, तब भी वह पूरा दिन मेहनत करके बच्चों को पढ़ा रहा था। डी.एस.पी. घुमारवीं राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है जिसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि  मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।