दर्दनाक हादसा : कार के खाई में गिरने से चालक की मौत, 2 गंभीर घायल

punjabkesari.in Thursday, Feb 17, 2022 - 09:14 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा जिला के गैहरा-जौवा संपर्क मार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक की मौत हो गई। इसके अलावा 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रैफर कर दिया गया है। एक घायल का मेडिकल काॅलेज चम्बा में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात को कार में 3 लोग गैहरा से जौवा की ओर जा रहे थे। जब कार सैंड नाला के पास पहुंची तो अचानक चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते कार लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक विपिन कुमार पुत्र बुधिया राम निवासी गांव सुलिया व सवार बचन सिंह पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव नेरी और मदन कुमार पुत्र बलदेव राम निवासी गांव जवा गंभीर रूप से घायल हो गए। 

हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत मेडिकल काॅलेज चम्बा पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस को भी घटना के बारे में सूचित किया। सूचना मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी से टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उधर, मेडिकल काॅलेज चम्बा में चालक विपिन कुमार व बचन सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा रैफर कर दिया गया लेकिन विपिन कुमार ने घावों के ताव न सहते हुए बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। वीरवार को मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा में कार चालक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। डीएसपी मुख्यालय अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। चालक का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News