दर्दनाक हादसा : चम्बा-जोत मार्ग पर कार खाई में गिरी, एक की मौत

Thursday, Mar 31, 2022 - 09:17 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा-जोत मार्ग पर खजियार मोड़ (तलाई) के निकट एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान काजू राम (42)पुत्र छांगा राम निवासी गांव घ्राण बेही, डाकघर बसोदन, जिला चम्बा के तौर पर हुई है। इसके अलावा चालक मदन लाल (37) पुत्र रफलू राम निवासी गांव घ्राण बेही, डाकघर बसोदन, जिला चम्बा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का मेडिकल काॅलेज चम्बा में उपचार चल रहा है। पुलिस ने हादसे को लेकर मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कार (एचपी-48बी-0282) बुधवार को जोत से घ्राण की तरफ जा रही थी। इसमें चालक समेत 2 लोग सवार थे। जब कार खजियार मोड़ के समीप पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर करीब 600 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे तथा दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को खाई से निकाल कर एंबुलैंस के माध्यम से मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया। यहां पर चिकित्सक ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया। उसकी हालत में सुधार है। मामले की पुष्टि एसपी अभिषेक यादव ने की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay