हरियाणा में चुनावी ड्यूटी पर गए हिमाचल के होमगार्ड की मौत, बाथरूम में मिला शव(Video)

Friday, Oct 18, 2019 - 02:34 PM (IST)

नालागढ़ (आदित्य): हरियाणा विधानसभा चुनाव में हिमाचल के नालागढ़ थाने से गए होमगार्ड की हृदय गति रुकने से मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल में चुनावी ड्यूटी पर तैनात नालागढ़ थाने से गए होमगार्ड का शव बाथरूम में संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसकी पहचान रामआसरा पुत्र बग्गा राम निवासी नंड गांव  राम शहर के रूप में हुई जोकि नालागढ़ में अपनी सेवाएं दे रहा था।

जानकारी के अनुसार सुबह वह जब नहाने के लिए बाथरूम में गया था तो काफी समय तक बाथरूम से नहीं लौटा। इस पर रामआसरा के साथ गए जवानों ने जब उसे बाथरूम में जाकर देखा तो वह वहां पर मृत अवस्था में मिला, जिसकी सूचना उन्होंने करनाल पुलिस को दी। करनाल पुलिस ने मौके पर आकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां पर प्रारंभिक जांच में होमगार्ड की मौत हृदय गति रुकने के कारण हुई बताई जा रही है।

एएसपी बद्दी एनके शर्मा ने बताया कि करनाल पुलिस द्वारा उन्हें सूचना दी गई कि चुनाव ड्यूटी में तैनात नालागढ़ से गए होमगार्ड की हृदय गति रुकने से मौत हो गई है और जवान के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, जिसमें प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है। जवान के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा और कल जवान का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया जाएगा।

Vijay