विधायकों को पैंशन लगवाने वाले पूर्व विधायक अमर सिंह का निधन, सीएम सहित कई नेताओं ने जताया शाेक

punjabkesari.in Wednesday, Jun 02, 2021 - 04:59 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): जनसंघ और जनता पार्टी के टिकट पर मेवा विधानसभा क्षेत्र से 2 बार विधायक रहे चौधरी अमर सिंह (82) का बुधवार को निधन हो गया। भोरंज विस क्षेत्र के गांव रोपड़ी के रहने वाले पूर्व विधायक घर में सीढ़ियाें से गिरे और जब तक अस्पताल पहुंचाया तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया था। ये वही पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह हैं जिनकी गरीबी को देखकर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. वाईएस परमार ने पूर्व विधायको को पैंशन का प्रावधान किया था। वहीं पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह के अंतिम संस्कार में भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान एसडीएम भोरंज राकेश शर्मा, तहसीलदार अनिल, बीडीओ वीरेंद्र चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष देशराज शर्मा, भाजपा महामंत्री चमन ठाकुर व अशोक ठाकुर सहित क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

कैसी लगी थी विधायकाें काे पैंशन, लिंक पर क्लिक कर देखें वीडियाे

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर जताया दुख

वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित तमाम मंत्रियाें व नेताओं ने चौधरी अमर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा है कि " भोरंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें"।
PunjabKesari, Tweet Image

गांव और गरीब के सच्चे हमदर्द थे चौधरी अमर सिंह : धूमल

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने चौधरी अमर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनकी स्मृतियों को याद करते हुए बताया कि वह बेहद सरल व्यक्तित्व के धनी थे। मेवा विधानसभा की कर्मभूमि पर साधारण परिवार से संबंध रखने वाले चौधरी अमर सिंह 2 बार विधायक रहे। उन्होंने बताया कि चौधरी अमर सिंह जनसंघ की टिकट पर चुनाव जीत कर 1967 से 1972 तक मेवा के विधायक रहे तो दूसरी बार वह जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर 1977 से 1980 तक विधायक रहे। धूमल ने कहा कि चौधरी अमर सिंह गांव और गरीब के सच्चे हमदर्द थे। मेवा क्षेत्र के विकास में चौधरी अमर सिंह की भूमिका को लम्बे समय तक याद रखा जाएगा, यह बात कहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने उनकी आत्मा की शांति के लिए और उनके परिजनों को यह दुख सहने की ताकत प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।

बार काऊंसिल के चेयरमैन रमाकांत शर्मा के निधन पर जताया दुख

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश बार काऊंसिल के चेयरमैन रमाकांत शर्मा के निधन पर भी दुख व्यक्त किया है। धूमल ने कहा कि रमाकांत शर्मा एक सुयोग्य वकील थे। रमाकांत शर्मा के रूप में एक नेक इंसान और काबिल वकील का इस दुनिया से चले जाना अत्यंत दुखदाई है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें व उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दे।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News