रंगड़ों ने 3 पर किया हमला, 12 साल के बच्चे की मौत

Wednesday, Jul 24, 2019 - 09:20 PM (IST)

कांगड़ा/पंचरुखी (कालड़ा/तिलक): पुलिस स्टेशन शाहपुर के अंतर्गत गोरडा गांव व पंचरुखी के तहत गदियाड़ा में रंगड़ों ने एक बच्चे व 2 महिलाओं सहित गाय पर हमला बोल दिया। इस घटना में 12 साल के बच्चे की रंगड़ों के काटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पुलिस स्टेशन शाहपुर के अंतर्गत शिवांश पुत्र रमेश कुमार निवासी जोंटा तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा अपनी बुआ के घर छुट्टियां काटने के लिए गांव गोरडा में आया हुआ था। जब वह अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था तो रंगड़ों ने उस पर हमला कर दिया। उसके उपरांत परिजन उसे उपचार के लिए शाहपुर अस्पताल ले गए लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा 174 सी.आर.पी.सी. के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

2 महिलाओं सहित गाय को काटा

दूसरे मामले में पंचरुखी के गदियाड़ा निवासी सागरी देवी पत्नी पृथी चंद व पवना देवी पत्नी रविंद्र कटोच व उनकी पालतू गाय पर रंगड़ों ने हमला कर दिया। पवना देवी के अनुसार जब वह और सगरी देवी अपनी-अपनी जमीन पर घास काट रही थीं तो अचानक रंगड़ों के झुंड ने उनकी पालतू गाय पर हमला कर दिया। गाय के बचाव में आई मालकिन पवना देवी व सागरी देवी के ऊपर भी रंगड़ों ने हमला कर जख्मी कर दिया। परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंचरुखी ले गए। डा. संदीप कश्यप के अनुसार रंगड़ों द्वारा काटी गई महिलाओं को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पशुपालन विभाग सलियाणा के डॉ. सुनील कपूर के अनुसार गाय का उपचार कर दिया गया है और अब हालत सामान्य है।

Vijay