खेल-खेल में हुआ दर्दनाक हादसा, लैंटर से गिरकर 4 साल की मासूम की मौत

Monday, Nov 05, 2018 - 06:18 PM (IST)

घुमारवीं: झंडूता उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत बैहनाजट्टां के गांव बैहनाजट्टां में लैंटर से गिरने से एक 4 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नन्ही बच्ची कामना मदन लाल की बेटी थी। बताया जा रहा है कि कामना छोटे-छोटे बच्चों के साथ लैंटर पर खेल रही थी कि तभी अचानक बच्ची लैंटर से नीचे गिर गई। उस समय बच्ची की मां घर पर थी। उसके रोने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और बच्ची को उठाकर सीधे जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आई.आर.डी.पी. से संबंधित है परिवार
बैहनाजट्टां पंचायत के उपप्रधान राज कुमार ने बताया कि कामना के पिता मेहनत-मजदूरी करते हैं तथा यह परिवार आई.आर.डी.पी. से संबंधित है। घटना की सूचना मिलते ही झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जे.आर. कटवाल तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। उनके साथ डी.सी. बिलासपुर विवेक भाटिया भी मौजूद थे। विधायक ने अस्पताल में बच्ची के परिजनों को ढांढस बंधाया तथा प्रशासनिक अधिकारियों को पीड़ित परिवार को तुरंत राहत राशि प्रदान करने को कहा।

Vijay