मिर्गी का दौरा पड़ने से महिला, कुएं में गिरने से वृद्धा की मौत

Thursday, May 14, 2020 - 07:06 PM (IST)

ऊना (ब्यूरो): ऊना जिला के तहत आते 2 अलग-अलग स्थानों पर एक 40 वर्षीय महिला व  84 वर्षीय वृद्धा की मौत होने का समाचार है। महिला की मौत मिर्गी का दौरा पड़ने से जबकि वृद्धा की मौत कुएं में गिरने से हुई है। जानकारी के अनुसार हरोली के तहत गांव अप्पर बढेड़ा की 40 वर्षीय महिला को मिर्गी के दौरे पड़ते थे। वीरवार को अचानक उसे दौरा पड़ा और वह घर के आंगन में गिरकर चोटिल हो गई। इसके बाद उसे ऊना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का पति सरकारी विभाग में बतौर कर्मी अपनी सेवाएं दे रहा है। वह अपने पीछे लड़का व लड़की छोड़ गई है। वहीं पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है तथा मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बुढ़वार में कुएं में गिरने से वृद्धा की मौत

दूसरे मामले में बंगाणा उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत बुढ़वार के बराल गांव में एक 84 वर्षीय वृद्धा कलावती संदिग्ध परिस्थितियों में रात को कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उक्त वृद्धा कैंसर की बीमारी से परेशान चल रही थी। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर उक्त घटना की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि 10 बजे उक्त वृद्धा घर से लापाता हो गई। जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो वह कुएं में गिरी मिली। इसके बाद बंगाणा पुलिस थाना को सूचित किया, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन में जुट गई। एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस संबंध में परिजनों के बयान कलमबद्ध किए गए हैं।

Vijay