आर.एम. की गाड़ी से बरामद चिट्टे का 30 लाख में हुआ था सौदा!

Friday, May 05, 2017 - 02:23 AM (IST)

शिमला: 4 किलो 400 ग्राम चिट्टे का सौदा करीब 30 लाख में हुआ था। सूत्रों के अनुसार पुलिस की जांच में इसका खुलासा हुआ है। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए पुलिस की एक टीम जम्मू-कश्मीर जाएगी, वहां पर आरोपी ग्यासूद्दीन के ठिकानों पर दबिश देगी। इस सिलसिले में हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक(आर.एम.) महेंद्र राणा ने भी पूछताछ में कई तथ्य उगले हंै। हालांकि ग्यासूद्दीन पुलिस को छका रहा है और बार-बार बयान बदल रहा है।

 आर.एम. के पुराने चिट्ठे भी आ रहे सामने 
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह भी पता चल गया है कि चिट्टा जम्मू-कश्मीर से किस वाहन से शिमला तक लाया गया और शिमला के शोघी में यह खेप आर.एम. की सरकारी वाहन में पकड़ी गई थी। चिट्टे के बहाने आर.एम. के पुराने ‘चिट्ठे’ भी सामने आ रहे हैं और उसके खिलाफ पुलिस के अलावा सरकार ने भी विभागीय जांच बिठाई है। परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने तुरंत विभागीय जांच के आदेश दिए थे। पुलिस ने आर.एम. समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमें से 3 का ताल्लुक कांगड़ा जिला से है।

पुलिस कर्मियों को सम्मानित करने की उठी मांग
चिट्टे की बड़ी खेप पकडऩे के पीछे पुलिस कर्मियों का अहम योगदान है, उन्हें सम्मानित करने की मांग उठ रही है। अगर ऐसा हुआ तो उनका हौसला और बढ़ेगा। वे नशे के अवैध कारोबार में लगे व्यक्तियों पर सख्ती के साथ और चोट करेंगे। एन.डी.पी.एस. एक्ट के बड़े केसों में छोटे मुलाजिमों को श्रेय कम ही मिलता है। अबकीबार जिला पुलिस से उम्मीद जताई जा रही है कि वह पुलिस कर्मियों को उचित ईनाम देगी। साथ ही सरकार से भी इन्हें सम्मान देने की सिफारिश करेगी।

जे. एंड के. के हालात गंभीर
शिमला पुलिस अभी जे. एंड के. जाने की स्थिति में नहीं है क्योंकि वहां के हालात आजकल सही नहीं चल रहे हैं। वहां खासकर घाटी में पत्थरबाज सक्रिय हैं। हालात सामान्य होने पर पुलिस की टीम जम्मू-कश्मीर जाएगी। पुलिस उस जगह का भी पता लगाएगी जहां से चिट्टा लाया गया। इसे रिफाइंड कहां किया, इसे भी मालूम किया जाएगा। बहरहाल पुलिस पूछताछ और जांच की कडिय़ों को जोडऩे में लगी हुई है।  

आरोपी आज होंगे कोर्ट में पेश
चारों आरोपियों का पुलिस रिमांड खत्म हो रहा है। शुक्रवार को शिमला की एक अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस फिर से भी रिमांड का आग्रह कर सकती है। अभी तक आरोपियों से हरेक पहलुओं पर पूछताछ हुई है। शिमला के एस.पी. डी.डब्ल्यू. नेगी ने इसकी पुष्टि की है। उधर, शिमला पुलिस की एक टीम कांगड़ा में डटी हुई है। वहां आर.एम. के बैंक खातों की जांच-पड़ताल की जा रही है।