पुल के नीचे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस छानबीन में जुटी

Saturday, Dec 01, 2018 - 07:45 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर शहर के साथ लगते चांदपुर पुल के नीचे पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। शनिवार को जैसे ही कुछ लोगों ने चांदपुर पुल के नीचे एक छोर पर शव को देखा तो उसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी योगराज सिंह ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने निकटवर्ती लोगों से शव की शिनाख्त करवाई लेकिन अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है।

45-50 वर्ष के बीच है व्यक्ति की उम्र

वहीं सदर थाना प्रभारी योगराज सिंह ने बताया कि व्यक्ति की उम्र करीब 45-50 वर्ष के बीच है तथा लंबाई 5 फुट 7 इंच है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों से पूछने पर पता चला है कि उक्त व्यक्ति को 2-3 दिन से आसपास के क्षेत्रों में देखा जा रहा था तथा वह कुछ मानसिक रूप से अक्षम भी लग रहा था। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेज दिया है। वहीं एस.पी. बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Vijay