मैक्लोडगंज की पहाड़ी पर मिला शव, नहीं हुई पहचान

Saturday, Feb 25, 2017 - 08:27 PM (IST)

धर्मशाला: पुलिस थाना मैक्लोडगंज के तहत पड़ते भागसूनाग वाटरफाल से करीब 2 किलोमीटर ऊपर पहाड़ी में शुक्रवार देर शाम मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव की अभी तक कोई भी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा उक्त अज्ञात व्यक्ति की फोटो को देशभर के थानों में भेजा गया है ताकि उसकी पहचान की जा सके। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम करवा कर शिनाख्त के लिए शव गृह धर्मशाला में रखा है। मृतक की बाएं हाथ की नस कटी हुई है, वहीं उसी हाथ में डाला हुआ दस्ताना भी आधा जला हुआ मिला है। इसके अलावा उसके पांव में जूते भी नहीं मिले हैं, वहीं पुलिस ने उसकी जेब से एक सिगरेट का पैकेट और एक खाली कागज बरामद किया है।

पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
शनिवार को मामले की छानबीन के लिए मैक्लोडगंज पुलिस की टीम घटनास्थल पर गई थी, जहां टीम ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए। एस.पी. कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है, वहीं शव की पहचान के लिए उसका फोटो देशभर के सभी राज्यों में थानों को भेज दिया है। इसके अलावा मृतक के शव को शव गृह धर्मशाला में रखा गया है।