कालका-शिमला हाईवे पर अब यहां फैंके सैंकड़ों मरे हुए मुर्गे

Saturday, Jan 09, 2021 - 09:50 PM (IST)

परवाणु (राजीव): सोलन जिला में लगातार मरे मुर्गे मिलने का सिलसिला चौथे दिन भी जारी रहा। इस बार सनवारा रेलवे फाटक के समीप बड़ी संख्या में मरे मुर्गे फैंके गए हैं। सूचना मिलने के बाद धर्मपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि ये मुर्गे काफी पुराने हैं लेकिन विभाग द्वारा सैंपल लेने के बाद रिपोर्ट आने पर ही स्थिति साफ  हो सकेगी। बहरहाल लगातार इस प्रकार से मृत मुर्गे मिलने के कारण हड़कंप मचा हुआ है। एक ओर जहां बर्ड फ्लू के खतरे को लेकर हिमाचल अलर्ट है, वहीं बार-बार इस प्रकार मृत मुर्गों के फैंके जाने से चिंता बढ़ती जा रही है।

जानकारी के अनुसार कालका-शिमला नैशनल हाईवे-5 पर सनवारा रेलवे फाटक के समीप लगभग 100 से अधिक मृत मुर्गे फिर फैंके हुए मिले हैं। अधिक मात्रा में गिरे मुर्गे जैसे ही स्थानीय लोगों ने देखे तो लोगों ने इसकी जानकारी तुरन्त स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। गौरतलब हो कि बुधवार से लगातार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हाईवे किनारे मरे मुर्गे फैंके जा रहे हैं। बुधवार व वीरवार को परवाणु के साथ लगते चक्की मोड़ में भारी मात्रा में मरे मुर्गे मिले थे। इसके बाद शुक्रवार को सोलन-कुमारहट्टी बाईपास पर टनल के कुमारहट्टी पोर्टल के समीप मरे मुर्गे फैंके पाए गए हैं और शनिवार को भी हाईवे किनारे सनवारा में लगभग 100 से अधिक मुर्गे मरे हुए मिले हैं।

पशु पालन विभाग की जिला स्तरीय रैपिड एक्शन टीमें मौके पर पहुंच रही हैं और सैंपल एकत्र करेंगी। यह सैंपल भी जांच के लिए जालन्धर लैब में भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही हर बात का खुलासा हो सकेगा। थाना प्रभारी धर्मपुर दयाराम ठाकुर का कहना है कि टीम को मौके पर भेजा गया है। फैंके गए यह मृत मुर्गे देखने में काफी पुराने लग रहे हैं लेकिन सैंपल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसका पता चल पाएगा।

Vijay