कालका-शिमला हाईवे किनारे फैंके मरे हुए मुर्गे, आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप

Wednesday, Jan 06, 2021 - 05:36 PM (IST)

परवाणु (राजीव): कालका-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चक्की मोड़ के समीप किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंगलवार रात को लगभग 300 से अधिक मरे हुए मुर्गे फैंक दिए। जैसे ही बुधवार सुबह लोगों ने यह देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसके बाद प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच मेंं जुट गई। बता दें कि प्रदेश में इन दिनों बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके कारण लोगों में भी डर का माहौल बना हुआ है, ऐसे में एक ही जगह पर इतने अधिक मात्रा में मरे हुए मुर्गे मिलना काफी चिंता का विषय बन गया है। हालांकि अभी यह पता नहीं लगाया गया है कि क्या ये मुर्गे बर्ड फ्लू के कारण मरे हैं या कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस व वैटर्नरी विभाग को हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

सैंपल के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

हाईवे किनारे मेंं मरे हुए मुर्गे मिलने के बाद से प्रशासन भी सतर्क हो गया है। यहां पर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मुर्गों के सैंपल लेने का निर्णय लिया है। जिसके बाद ही बर्ड लू के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो जाऐगी।

कोरोना के शुरूआती दौर में भी फैंके थे मुर्गे

हाईवे में यह पहला मामला नहीं है कि जब किसी व्यक्ति ने यहां पर सैंकड़ों की तादाद में मरे हुए मुर्गे फैंके हों बल्कि इससे पहले कोरोना वायरस के शुरूआती दौर में भी चक्की मोड़ से दत्यार के बीच में काफी अधिक मरे हुए मुर्गे फैंके गए थे, जिससे भी लोगों में काफी डर का माहौल बन गया था।

क्या बोले पशु पालन विभाग के अधिकारी

उपनिदेशक पशु पालन विभाग सोलन भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि चक्की मोड़ पर किसी ने मरे हुए मुर्गे फैंके होने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गऐ थे। इस बारे में छानबीन की जा रही है और वैटर्नरी विभाग मुर्गों के सैंपल ले रहा है।

Vijay