हत्या के बाद बोरी में बांध कर जंगल में फैंका महिला का शव, फैली सनसनी

Tuesday, Nov 07, 2017 - 11:13 PM (IST)

नूरपुर: नूरपुर थाना के तहत जोंटा में कथित रूप से अज्ञात लोगों द्वारा एक महिला की हत्या कर जंगल में फैंकने का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जोंटा के जंगलों में स्थानीय लोगों को एक बोरी में बंद महिला का शव मिला, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लिया। 

बैड शीट में लपेटा गया था शव
पुलिस के अनुसार शव एक बोरी में बंद था जिसे खोलने पर पाया गया कि महिला को एक बैड शीट में लपेटा गया था। पुलिस के अनुसार महिला का शव काफी गल-सड़ गया था, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। डी.एस.पी. मेघनाथ चौहान ने बताया कि इस संदर्भ में अज्ञात लोगों के खिलाफ  धारा 302 तथा 201 के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा मामले की छानबीन जारी है।