जंगल में घास लेने गई महिला का पेड़ से लटका मिला शव

Thursday, Feb 18, 2021 - 04:56 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा जिले की सराहन पंचायत के लुहारका गांव में एक महिला ने पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला वीरवार को सुबह अपने घर से पशुओं के लिए घास लेने के लिए जंगल गई थी, लेकिन वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी। जब वह काफी समय तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन उसे ढूंढते हुए जंगल में पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने उसका शव जंगल में पेड़ से लटका पाया। यह देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

परिजनों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के मायका पक्ष को भी सूचित किया है। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया गया। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि परिजनों व मायका पक्ष के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है। महिला की मौत के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Content Writer

Kaku Chauhan