जमीन में लाश दफनाने का मामला: 13 दिन बाद पुलिस के हाथ लगा आरोपी, कबूला जुर्म

Friday, Aug 09, 2019 - 05:05 PM (IST)

ऊना (अमित): ऊना के गांव डंगोली में 13 दिन पहले 16 वर्षीय किशोर की हत्या कर शव को जमीन में दफनाने का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। ऊना पुलिस की टीम ने आरोपी को यूपी के मैनपुरी से गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक किशोर की जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर पहचान सिलेंद्र कुमार पुत्र उदयवीर निवासी असलौर, जिला बदायूं यूपी के रूप में की थी। पुलिस ने शक के आधार पर डंगोली गांव के कुछ लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मोबाइल डिटेल भी खंगाली थी। छानबीन में पता चला कि किशोर एक मिठाई के कारखाने में काम करता था। 

जांच में सामने आया कि मृतक के साथ ही मिठाई के कारखाने में काम करने वाला एक व्यक्ति शव मिलने के दिन से फरार चल रहा है, जिसके चलते पुलिस को शक हुआ। पुलिस फरार चल रहे व्यक्ति की तलाश में विभिन्न राज्यों में दबिश भी दी थी। लेकिन 12 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद ऊना पुलिस के हाथ कामयाबी लगी और हत्या के आरोपी को यूपी के मैनपुरी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी की पहचान सजाद हुसैन निवासी मैनपुरी यूपी के के रूप में हुई है। जिसे शुक्रवार को ऊना लाया गया। सजाद हुसैन ने हत्या की बात भी कबूल ली है। एसएचओ सदर थाना ऊना दर्शन सिंह ने बताया कि आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसएचओ ने कहा कि पुलिस टीम आरोपी से मामले को लेकर पूछताश कर रही है।

Ekta