कुएं में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, फैली सनसनी

Sunday, May 05, 2019 - 03:30 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): उपमंडल अम्ब के तहत सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल मैड़ी में एक गहरे कुएं में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर सब इंस्पैक्टर सुच्चा सिंह की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने मौके का मुआयना कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह मैड़ी स्थित एक धार्मिक स्थल के साथ लगते एक कुएं में पानी में तैर रहा एक शव लोगों ने देखा। बताया जा रहा है कि मैड़ी आए हुए श्रद्धालु रविवार सुबह नहाने के लिए कुएं पर गए तो उन्होंने कुएं के पानी में तैर रहा एकशव देखा।

उन्होंने इसकी सूचना धार्मिक स्थल के प्रबंधकों को दी। पुलिस ने सफाई कर्मियों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से निकाला। पुलिस ने घटनास्थल पर शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया लेकिन कोई कामयाबी हाथ न लगी। यह मामला आत्महत्या का है या कोई अन्य, पुलिस हर एंगल से जांच पड़ताल कर रही है। शव के शरीर पर चोटों आदि के कोई निशान नहीं हैं।

कयास लगाए जा रहे हैं कि शव करीब एक सप्ताह पुराना है। कुएं में पानी का वाटर लेबल करीब 15 फुट है। शव कुछ दिनों तक कुएं के पानी के बीच रहा होगा और बाद में वह ऊपर तैर गया। मृतक की उम्र करीब 30-35 साल है और उसके दाहिने हाथ की एक ऊंगली नहीं है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। शव को शिनाख्त हेतु डैड हाऊस में रखा गया है।
 

kirti