गोबिंद सागर झील में तैरता मिला PWD के JE का शव, 4 जनवरी से था लापता

Friday, Jan 10, 2020 - 07:20 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): बिलासपुर शहर के लुहणु मैदान के पास गोबिंद सागर झील में गत 6 दिनों से लापता एक व्यक्ति का तैरता हुआ शव मिला है। शुक्रवार की सुबह शव देखने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मछुआरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त नेत्र सिंह (52) निवासी गांव बैरी रजादियां जिला बिलासपुर के रूप में की गई है जोकि लोक निर्माण विभाग में जेई के पद पर कार्यरत था।

नेत्र सिंह गत 4 जनवरी को बिलासपुर स्थित कार्यालय से छुट्टी होने के बाद घर चला गया लेकिन घर नहीं पहुंचा। जब घर वालों ने उसकी तलाश की तो उसका स्कूटर डैहर पुल पर मिला। स्कूटर में ही उपरोक्त व्यक्ति का मोबाइल भी पाया गया, जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट बरमाणा थाना में दर्ज करवाई थी। अब 6 दिन बाद जेई का शव बिलासपुर शहर के लुहणु घाट के पास गोबिंद सागर झील में मिला है।

सदर थाना पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपरोक्त व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं एएसपी बिलासपुर भागमल सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Vijay