DC ऊना ने किया स्टोन क्रशरों का औचक निरीक्षण, 3 को नोटिस-7 की होगी निशानदेही

Wednesday, Aug 01, 2018 - 12:37 PM (IST)

ऊना (विशाल): पटवार सर्कलों का औचक निरीक्षण करने के बाद अब डी.सी. ऊना ने स्टोन क्रशरों के खिलाफ आई शिकायतों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। डी.सी. ने जिला खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा और एस.पी. दिवाकर शर्मा को साथ लेकर स्टोन क्रशरों का औचक निरीक्षण किया है। खनन पट्टों के निरीक्षण किए गए और कुछ क्रशरों पर संदेह होने के चलते उनको आवंटित भूमि की निशानदेही के आदेश भी डी.सी. ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने जारी कर दिए हैं। डी.सी. की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है और लगातार दूसरे दिन डी.सी. ने औचक निरीक्षणों का दौर जारी रखा है। 


मंगलवार को डी.सी. ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने जिला के गगरेट क्षेत्र में 8 स्टोन क्रशरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ऊना दिवाकर शर्मा तथा खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा भी उनके साथ थे। डी.सी.ने सभी स्टोर क्रशरों को आवंटित खनन पट्टों का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन सभी स्टोन क्रशरों के लिए आबंटित भूमि की जल्द निशानदेही करने के भी मौके पर ही निर्देश दिए। 


डी.सी. ऊना राकेश कुमार प्रजापति द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में 8 में से 3 क्रशरों पर कामकाज सही नहीं पाया गया है। इन क्रशरों में कुछ अनियमितताएं मिलने के चलते इन्हें शो कॉज नोटिस इश्यू कर दिए गए हैं, वहीं 7 क्रशरों की डिमार्केशन के आदेश दिए गए हैं। डी.सी. राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि खनन पट्टों के लिए आवंटित भूमि के अलावा यदि स्टोन क्रशर अपने क्षेत्र से बाहर खनन करते हुए पाए जाएंगे तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Ekta