Himachal की बेटी को मिला न्यौता, इस खास मकसद के लिए जाएगी Switzerland
punjabkesari.in Tuesday, Feb 11, 2020 - 09:55 PM (IST)

मनाली (सोनू): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला की बेटी अब स्विट्जरलैंड में टूरिज्म को प्रमोट करेगी। इसके लिए स्विट्जरलैंड सरकार ने आंचल ठाकुर को स्विट्जरलैंड आने का न्यौता दिया है। विंटर टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए भारत से आंचल के नाम का चयन हुआ है। आंचल ठाकुर के पिता रोशन ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हाल ही में स्विट्जरलैंड सरकार के अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया और स्विट्जरलैंड के टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए आंचल को स्विट्जरलैंड आने का न्यौता दिया। इसके लिए मेल भी हमें मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि स्विट्जरलैंड सरकार का न्यौता स्वीकार करते हुए आंचल ने स्विट्जरलैंड जाने की हामी भरी है। आंचल का स्विट्जरलैंड जाने का खर्चा भी वहां की सरकार ही उठाएगी। यही नहीं, आंचल को स्विट्जरलैंड के टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए सरकार द्वारा अच्छी फीस भी दी जाएगी।
3 मार्च को स्विट्जरलैंड रवाना होगी आंचल
रोशन ठाकुर ने बताया कि आंचल 3 मार्च को यहां से स्विट्जरलैंड रवाना होगी और 9 मार्च को वापस होगी। इस दौरान वहां के विभिन्न पर्यटन स्थलों को प्रमोट करेगी। आंचल ठाकुर का कहना है कि स्विट्जरलैंड सरकार के आग्रह पर वह स्विट्जरलैंड जा रही है। आंचल ने कहा कि स्विट्जरलैंड सरकार ने उन्हीं का चयन किया है। हाल ही में उत्तराखंड के औली में हुए विंटर स्पोर्ट्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी आंचल ने गोल्ड व सिल्वर मैडल हासिल कर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है।