परमाणु हथियारों पर 5 राष्ट्रों की प्रतिज्ञा मानवता के लिए सराहनीय : दलाईलामा

Thursday, Jan 06, 2022 - 09:28 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): तिब्बती आध्यात्मिक धर्मगुरु दलाईलामा ने विश्व के 5 परमाणु हथियारों वाले राष्ट्रों की ओर से परमाणु हथियारों को लेकर ली गई प्रतिज्ञा की सराहना की है। वीरवार को दलाईलामा ने अपने जारी एक बयान में कहा कि परमाणु हथियारों से युद्ध नहीं जीता जा सकता है और परमाणु हथियारों से कभी भी नहीं लड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बड़ी घटनाओं के बावजूद 20वीं शताब्दी हिंसा का युग था, जिसमें परमाणु हथियारों का भयानक उपयोग शामिल था। उस दौरान करीब 20 करोड़ लोग मारे गए थे। 

दलाईलामा ने संघर्षों को सुलझाने के लिए अधिक प्रबुद्ध और सभ्य व्यवस्था खोजने के लिए इसे सही दिशा में एक कदम कहा। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में ऐतिहासिक है और मानवता के भविष्य के लिए अच्छा है। संघर्षों को हल करने के लिए अधिक प्रबुद्ध और सभ्य व्यवस्था खोजने के लिए यह सही दिशा में एक कदम है। दलाईलामा ने कहा कि इस प्रतिज्ञा से इन खतरनाक हथियारों के साथ और हमारी दुनिया में वास्तविक तथा स्थायी शांति को सुरक्षित रखने के लिए और भी अधिक ठोस प्रयासों में योगदान मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे दृढ़ता से मानवता की एकता में विश्वास करते हैं और सभी मनुष्यों की भलाई और सुरक्षा को सर्वोच्च महत्व मानते हैं। उन्हें विश्वास है कि जब देशों के बीच मुद्दे होते हैं तो उन्हें समझौता, समझ और कूटनीति की भावना से बातचीत के माध्यम से हल किया जाना चाहिए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay