सम्पत्ति हड़पने के लिए दबंगों ने Kidnap किया बुजुर्ग, 6 गिरफ्तार

Sunday, Jul 30, 2017 - 01:07 AM (IST)

मंडी: सम्पत्ति हड़पने की नीयत से एक वृद्ध को उसके रिश्तेदार के घर से कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने वृद्ध को सन्यारढ़ी के समीप अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़वा लिया। पुलिस ने वृद्ध के बयान दर्ज करने के बाद उसे रिश्तेदारों के हवाले कर दिया है। शिकायतकर्ता विजय कुमार पुत्र परमानंद निवासी छनवाड़ी ने बताया कि वह 28 जुलाई को एक शादी समारोह से अपने घर वापस आ रहा था। इसी दौरान उसके भाई ने उसे मोबाइल पर कॉल कर सूचित किया कि 2 कारों में आए उपरोक्त लोगों ने चडयाणा में रहने वाले उसके मौसा धर्म सिंह को अगवा कर लिया है। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी और उसने आरोपियों का पीछा कर उनकी कार सन्यारढ़ी में रोक ली। इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सूत्रों के मुताबिक धर्म सिंह के नाम लाखों की सम्पत्ति है। उसकी कोई औलाद नहीं है। वह अपने भांजे के पास रहता है। 

अपहरण व साजिश रचने के आरोप में 6 गिरफ्तार
एस.पी. अशोक कुमार ने बताया कि अपहरण व साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरि सिंह, राजेंद्र कुमार, लोकेश, रूप लाल, महंत राम व बलविंद्र राठौर बल्ह व सुंदरनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी धर्म सिंह को अगवा कर सम्पत्ति से संबंधित दस्तावेज पर जबरन उसके हस्ताक्षर करवाना चाहते थे। सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।