दबंगों ने दिन-दिहाड़े युवक पर किया तेजधार हथियार से हमला

Tuesday, Jan 09, 2018 - 11:02 PM (IST)

पालमपुर: क्षेत्र में दिन-दिहाड़े एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक की टांगों में गंभीर चोटें आईं हैं। युवक की पहचान सन्नी ठाकुर पुत्र कृष्ण सिंह ठाकुर निवासी राम चौक के रूप में की गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की मां विमला देवी ने पुलिस थाना पालमपुर में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बी.एस.एन.एल. टैलीफोन की एक्सचेंज के समीप गिकू व उसके माता-पिता तथा उनके रिश्तेदारों ने सन्नी से मारपीट शुरू कर दी। 

दराट से हमले से टांगों में आईं गंभीर चोटें
इस दौरान उस पर दराट से हमला किया गया जिससे उसकी टांगों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उसे पालमपुर अस्पताल लाया गया जहां से उसे टांडा मैडीकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। थाना प्रभारी भीमसेन ने बताया कि पुलिस ने सन्नी की माता की शिकायत पर उक्त लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की छानबीन की जा रही है तथा फरार आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।