तस्वीरों में देखिए सिलेंडर फटने से भीषण हादसा, जिंदा जला एक व्यक्ति

Wednesday, Sep 13, 2017 - 10:20 AM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर): मनाली के गोजरा में एक मकान में देर रात भीषण आग लगने से दर्दनाक घटना घटी। जहां सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति जिंदा जल गया। बताया जा रहा है कि स्थानीय निवासी हीरा लाल के इस मकान में तीन कमरे थे, जहां बिहार के चार लोग किराए पर रहते थे, बहरहाल हादसे का कारण सिलेंडर फटना बताया जा रहा है।


सिलेंडर फटने के कारण हुई आगजनी घटना
दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह आगजनी घटना सिलेंडर फटने के कारण हुई है। यह मकान हीरा लाल का था। मंगलवार देर रात आग लगने से यह घटना हुई, हालांकि तीन लोगों ने भाग कर अपनी जान बचा ली, लेकिन एक व्यक्ति कमरे में ही फंस गया और वह जिंदा जल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


दो और घरों को आग की लपटों से बचाया
उन्होंने बताया कि घटना में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, लेकिन 16 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान है। घटना के दौरान दमकल विभाग और ग्रामीणों की सहायता से मकान के साथ लगते दो और घरों को आग की लपटों से बचा लिया गया। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो भयंकर हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही मनाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान विद्या चंद बिहार निवासी के रूप में हुई है।